मुख्य तिराहे पर 8 फीट गहरा खुला गड्ढा, 23 दिन से नहीं हुई कार्रवाई, हादसे का खतरा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

निचलौल। आदर्श नगर पंचायत निचलौल के मुख्य तिराहे पर सड़क किनारे करीब 8 फीट गहरा और 8 फीट चौड़ा गड्ढा पिछले करीब 23 दिनों से खुला पड़ा है। गड्ढे में पानी भरा होने के कारण इसकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल है। व्यस्त स्थान पर खुले पड़े इस गड्ढे से राहगीरों और स्थानीय लोगों के लिए हादसे का खतरा बना हुआ है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक गड्ढा खोदे जाने के बाद से अब तक इसे भरने या सुरक्षित करने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों का कहना है कि मामले की शिकायत नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) से कई बार की जा चुकी है, लेकिन समस्या अभी भी जस की तस बनी हुई है।

नगर पंचायत अध्यक्ष शिवनाथ मद्धेशिया ने भी बताया कि उन्होंने इस संबंध में ईओ से शिकायत की है। इसके बावजूद अब तक गड्ढे को सुरक्षित कराने की दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार यह गड्ढा ब्लॉक गेट से करीब 100 कदम पहले और तहसील कार्यालय से लगभग 300 कदम पहले स्थित है। ऐसे में रोजाना बड़ी संख्या में लोगों का इस मार्ग से आवागमन होता है। मुख्य तिराहे जैसे व्यस्त स्थान पर इतने गहरे गड्ढे के खुले पड़े रहने से नगर पंचायत प्रशासन के साथ-साथ संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।

लोगों का कहना है कि दिन में तो राहगीर किसी तरह सावधानी बरतकर यहां से निकल जाते हैं, लेकिन रात के समय स्थिति अधिक खतरनाक हो जाती है। पर्याप्त प्रकाश और सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण वाहन चालकों या पैदल राहगीरों के गड्ढे में गिरने की आशंका बनी रहती है। पानी भरे होने के कारण गड्ढे की वास्तविक गहराई भी दिखाई नहीं देती।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल मौके का निरीक्षण कराने, गड्ढे को भरने अथवा उसके चारों ओर बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि किसी दुर्घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय समय रहते सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]