महराजगंज। राष्ट्रीय छात्र परिषद, जनपद महराजगंज की ओर से संगठन विस्तार के क्रम में निखिल शर्मा को सदर ब्लॉक अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह नियुक्ति संगठन के जिला मंत्री अविनाश प्रजापति के नेतृत्व में की गई।
नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष निखिल शर्मा को पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। संगठन के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि निखिल शर्मा छात्रहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने के साथ ही छात्रशक्ति को संगठित और मजबूत करने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
पदाधिकारियों ने कहा कि छात्रों की समस्याओं को सामने लाने और उनके अधिकारों के लिए आवाज उठाने में राष्ट्रीय छात्र परिषद की पूरी टीम निखिल शर्मा के साथ कदम से कदम मिलाकर कार्य करेगी। संगठन के विस्तार के साथ अधिक से अधिक छात्रों को जोड़ने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
पदभार ग्रहण करने के बाद निखिल शर्मा ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व और पदाधिकारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह संगठन की ओर से मिली जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। साथ ही छात्रहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और छात्रों के लिए लगातार कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर संगठन के जिलाध्यक्ष विशाल पुष्कर, राष्ट्रीय बजरंग दल के बालकिशुन, नगर महामंत्री अभि चौधरी, नगर अध्यक्ष चंदन सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।









