जीउतिया व्रत के लिए गांव गई थीं गृहस्वामिनी, पीछे से चोरों ने बंद मकान को बनाया निशाना
कुशीनगर। खड्डा थाना क्षेत्र के सिविल लाइन वार्ड नंबर-6 में एक बंद मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए ताला तोड़कर लाखों रुपये के सामान और कीमती आभूषण चोरी कर लिए। चोरी की पूरी वारदात सामने स्थित एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन वार्ड नंबर-6 निवासी निर्मला देवी पत्नी धर्मवीर प्रजापति अपने मकान में ताला लगाकर जीउतिया व्रत के सिलसिले में मदनपुर सुकरौली गांव गई थीं। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में नदी का बाढ़ के खतरे को देखते हुए उन्होंने अपने जरूरी सामान, जेवरात, मोटरसाइकिल समेत अन्य कीमती वस्तुएं खड्डा स्थित मकान में रखी थीं।
रात में ताला तोड़कर घर में घुसे चोर
बताया जा रहा है कि रात के समय चोरों ने मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया। इसके बाद चोर घर के अंदर दाखिल हुए और कमरों में रखे सामान को खंगालना शुरू कर दिया। चोरों ने घर में रखी मोटरसाइकिल, आभूषण और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
सुबह जब चोरी की जानकारी गृहस्वामिनी और आसपास के लोगों को हुई तो मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घर का सामान बिखरा पड़ा था और मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
CCTV में कैद हुई संदिग्धों की गतिविधियां
चोरी की घटना के बाद सामने स्थित दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई। बताया जा रहा है कि कैमरे में रात के समय संदिग्ध लोगों की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। सीसीटीवी फुटेज पुलिस के लिए अहम साक्ष्य साबित हो सकती है। फुटेज के आधार पर पुलिस संदिग्धों की पहचान और उनकी गतिविधियों की जांच कर रही है।
लगातार दूसरे दिन चोरी से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
स्थानीय लोगों के मुताबिक क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आने से लोगों में दहशत का माहौल है। लगातार दूसरे दिन चोरी की घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोग रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही खड्डा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मकान के आसपास की स्थिति देखने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज और अन्य संभावित साक्ष्यों को जुटाना शुरू कर दिया है। पुलिस द्वारा चोरी हुए सामान की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
खड्डा क्षेत्राधिकारी अजय कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज समेत उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। मामले में तहरीर और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









