खेत से धान का बोझा ले जा रहा 16 वर्षीय छात्र करंट की चपेट में आया, मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र के देवीपुर ग्राम सभा के बनीयहवा टोले में शनिवार को करंट की चपेट में आने से 16 वर्षीय छात्र सुधीर की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सुधीर परिवार का इकलौता बेटा था और कक्षा नौ में पढ़ता था।

जानकारी के अनुसार, बनीयहवा टोला निवासी महेंद्र चौरसिया का पुत्र सुधीर शनिवार को खेत से धान का बोझा लेकर घर की ओर जा रहा था। खेत के पास पंचायत भवन के नजदीक आंधी-बारिश के दौरान बिजली का एक पोल गिर गया था। इससे एक परिवार की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। बताया जा रहा है कि संबंधित परिवार ने दूसरे तार के सहारे बिजली की व्यवस्था कर ली थी। आरोप है कि इस वजह से गिरे हुए बिजली के तार में भी करंट प्रवाहित हो रहा था।

सुधीर को इसकी जानकारी नहीं थी। वह धान का बोझा लेकर जा रहा था, इसी दौरान बिजली के तार की चपेट में आकर अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजन आनन-फानन में उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। गोरखपुर पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद सुधीर को मृत घोषित कर दिया।

सुधीर तीन बहनों के बीच इकलौता भाई था। बड़ी बहन साधना की शादी हो चुकी है, जबकि सुमन और शालू अविवाहित हैं। पिता महेंद्र भंडारी का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की मौत से मां संजू समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना पर पनियरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। पनियरा थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]