महराजगंज। सिंदुरिया थाना क्षेत्र के हरिहरपुर निवासी गोपाल गुप्ता (42) की जालंधर में सड़क हादसे में मौत हो गई। वह जालंधर शहर में फेरी लगाकर कबाड़ का काम करते थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
परिजनों के अनुसार, एक अक्टूबर की सुबह गोपाल गुप्ता मोटरसाइकिल से काम के लिए निकले थे। कस्बे के बाहर स्थित ब्रिज से उतरते समय एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें जालंधर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए चंडीगढ़ रेफर कर दिया।
परिजन उन्हें इलाज के लिए चंडीगढ़ लेकर पहुंचे, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद परिवार के लोग उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर ला रहे थे। इसी दौरान रास्ते में गोपाल गुप्ता की मौत हो गई। मौत की खबर घर पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
गोपाल गुप्ता अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं। परिवार के लोगों के मुताबिक, वह रोजगार के लिए जालंधर में रहकर मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे।
थानाध्यक्ष सिंदुरिया अनूप तिवारी ने बताया कि परिजनों की सूचना पर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।









