महराजगंज, 4 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत 7 अक्टूबर से सेवा ज्योति कलश यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा को सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी को लेकर भाजपा जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष संजय पांडेय की अध्यक्षता में जिला पदाधिकारियों और प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। मुख्य अतिथि जिला प्रभारी नरेंद्र मणि त्रिपाठी रहे।
बैठक की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर तथा वंदे मातरम् गीत के साथ हुई। जिला प्रभारी नरेंद्र मणि त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। संगठन की ओर से दी गई जिम्मेदारी को ईमानदारी और पूरी मेहनत से निभाना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि महराजगंज के कार्यकर्ताओं का गौरव बढ़ा है। जिले के सांसद पंकज चौधरी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष होने के साथ केंद्र सरकार में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। जिले के कई कार्यकर्ताओं को प्रदेश संगठन में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के लिए कई योजनाएं चलाई हैं। सरकार का प्रयास है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने शिक्षक एमएलसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशी ध्रुव त्रिपाठी के समर्थन में कार्यकर्ताओं से जुटने की अपील की।
उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर से निकलने वाली सेवा ज्योति कलश यात्रा सेवा, समर्पण और संगठन की ताकत का संदेश देगी। इसे सफल बनाना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।
जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने कहा कि पार्टी के सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ता बूथ स्तर तक सक्रिय रहें। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण के संदेश को लोगों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने यात्रा में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
बैठक में पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल, पीसीयू चेयरमैन एवं पूर्व विधायक चौधरी शिवेंद्र सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष समीर त्रिपाठी समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और कार्यकर्ता मौजूद रहे।









