CEIR पोर्टल से 109 गुम मोबाइल बरामद, 21.80 लाख के फोन स्वामियों को लौटाए

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर। पुलिस ने जिले और दूसरे राज्यों से गुम हुए 109 मोबाइल फोन बरामद कर रविवार को उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द कर दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 21 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है। मोबाइल वापस मिलने पर स्वामियों के चेहरे पर खुशी नजर आई और उन्होंने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की।

पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी अपराध के नेतृत्व में सर्विलांस सेल और संबंधित थानों की पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। टीम ने CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर मोबाइल फोन को ट्रेस करने की कार्रवाई की। जांच के दौरान कुशीनगर के अलावा अन्य जिलों और दूसरे राज्यों से कुल 109 मोबाइल फोन बरामद किए गए।

रविवार को पुलिस कार्यालय के सभागार में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने बरामद मोबाइल फोन उनके स्वामियों को सौंपे। पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइलों में विभिन्न कंपनियों के मल्टीमीडिया सेट शामिल हैं।

बरामद 109 मोबाइल में वीवो के सर्वाधिक 31, रियलमी के 20, ओप्पो के 17, रेडमी के 11 और सैमसंग के पांच मोबाइल शामिल हैं। इसके अलावा एआई प्लस के चार, मोटोरोला के चार, टेक्नो के चार, आईक्यूओओ के तीन, पोको के तीन, वनप्लस के तीन, इनफिनिक्स के दो तथा आईटेल और नथिंग के एक-एक मोबाइल बरामद किए गए।

मोबाइल बरामदगी में सर्विलांस सेल की टीम के साथ विभिन्न थानों के पुलिसकर्मियों और कंप्यूटर ऑपरेटरों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने बताया कि CEIR पोर्टल के माध्यम से गुम अथवा चोरी हुए मोबाइल की सूचना दर्ज कराकर उसके दुरुपयोग पर रोक लगाने के साथ ही उसे ट्रेस करने में मदद मिलती है।

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने के साथ CEIR पोर्टल पर भी इसकी सूचना दर्ज कराएं, ताकि डिवाइस को ट्रैक कर बरामद करने की कार्रवाई की जा सके।

 

साजिद अंसारी पड़रौना

और पढ़ें

[the_ad id="164"]