20 घंटे बाद कुक्कुथा नदी में मिला नौ वर्षीय प्रिंस का शव

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मल्लूडीह। नगरपालिक परिषद कुशीनगर के वार्ड नंबर दो मां कोटेश्वरी नगर (करमैनी प्रेमवलिया) स्थित रिखई घाट पर शनिवार शाम जीवित्पुत्रिका व्रत के दौरान नदी में डूबे नौ वर्षीय बालक प्रिंस का शव रविवार को करीब 20 घंटे बाद आंध्या के समीप कुक्कुथा नदी में बरामद हुआ। शव घटनास्थल से करीब पांच किलोमीटर दूर बहकर पहुंचा था। शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार वार्डवासी पिंटू कुशवाहा का नौ वर्षीय पुत्र प्रिंस शनिवार शाम अपने साथी हिमेश के साथ घर से बिना बताए रिखई घाट पहुंचा था। घाट पर व्रत रखने वाली महिलाएं स्नान कर रही थीं। इसी दौरान दोनों बालक भी नदी में उतर गए। तेज धारा में दोनों डूबने लगे। घाट पर मौजूद एक महिला ने हिमेश को बचा लिया, लेकिन प्रिंस तेज बहाव में बह गया।

घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाश शुरू कराई। एसडीआरएफ की टीम ने भी नदी में काफी देर तक अभियान चलाया। रविवार को आंध्या के समीप कुक्कुथा नदी में शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे बरामद कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

मौके पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट जी. अक्षय दीपक, तहसीलदार धर्मवीर सिंह, नायब तहसीलदार राहुल खरवार और थानाध्यक्ष इत्यानंद पांडेय समेत पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। स्थानीय लोग भी तलाश अभियान में जुटे रहे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]