महराजगंज। स्थायी लोक अदालत, जनपद न्यायालय महराजगंज के समक्ष विचाराधीन पीएलए वाद संख्या 10/2025 रंभावती बनाम एसबीआई जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड में संधि के उपरांत पारित आदेश के अनुपालन में बीमा कंपनी द्वारा अवार्ड राशि जमा कराई गई। इसके बाद शनिवार, 3 अक्टूबर 2026 को याचिनी रंभावती देवी को 20 लाख रुपये की अवार्ड राशि का चेक प्रदान किया गया।
स्थायी लोक अदालत महराजगंज के अध्यक्ष राकेश मालवीय ने अपने विश्राम कक्ष में आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम के दौरान बीमा कंपनी द्वारा जमा की गई अवार्ड राशि का चेक रंभावती देवी को भुगतान के लिए सौंपा। यह कार्रवाई स्थायी लोक अदालत द्वारा 21 अगस्त 2026 को पारित आदेश के अनुपालन में की गई।
इस अवसर पर स्थायी लोक अदालत की सदस्य श्रीमती गुंजा राय एवं सुश्री प्रियंका तिवारी उपस्थित रहीं। इसके साथ ही याचिनी रंभावती देवी की ओर से अधिवक्ता श्री सुभाष पासवान एवं नीरज कुमार पासवान भी मौजूद रहे।
चेक प्राप्त होने के बाद याचिनी को न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से अवार्ड राशि का भुगतान सुनिश्चित हुआ। स्थायी लोक अदालत द्वारा समझौते के आधार पर पारित आदेश के अनुपालन में बीमा कंपनी से राशि जमा कराकर याचिनी को चेक प्रदान किया गया।









