‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ गोष्ठी में कांग्रेस ने SIR को लेकर उठाए सवाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान और उत्तर प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर चल रहे ‘संविधान बचाओ सप्ताह’ के तहत शनिवार को नगर पालिका परिषद के नेहरू नगर वार्ड स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर अपनी चिंताएं और आपत्तियां रखीं।

गोष्ठी की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट ने की। उन्होंने SIR को लेकर केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का आरोप है कि इससे पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समुदाय के लोग भी प्रभावित हुए हैं। उन्होंने बताया कि कांग्रेस इस मुद्दे को राहुल गांधी के नेतृत्व में राष्ट्रीय स्तर पर उठा रही है।

पूर्व जिलाध्यक्ष झिनकू चौधरी और जिला उपाध्यक्ष डॉ. रामनारायण चौरसिया ने कहा कि मतदाता सूची से जुड़े मुद्दे को लेकर कांग्रेस का अभियान जारी रहेगा। वक्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे और कानूनी कार्रवाई की मांग भी रखी।

गोष्ठी का संचालन जिला कोषाध्यक्ष कपिल देव शुक्ल ने किया। पिपरदेवरा की हरिजन बस्ती में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष प्रतिनिधि चंद्रजीत भारती ने दलित समाज को कांग्रेस से जोड़ने की पहल की। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने पार्टी की नीतियों के प्रति समर्थन जताया।

कार्यक्रम को नूर आलम, रामनारायण प्रसाद, पूर्णमासी यादव, अफजल अब्बासी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष शुभम शुक्ला, सोशल मीडिया प्रभारी फिरोज अली, रवि यादव, जमील और अंबरीश शाही ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बुद्ध और डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित करने के बाद राष्ट्रगान से हुई। इस दौरान विराज वीर अभिमन्यु, उदय प्रताप सिंह, अमिला पांडे, संदीप तिवारी, श्रीराम प्रसाद यादव, शाहिद समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता व स्थानीय लोग मौजूद रहे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]