रविंद्रनगर धूस पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को दबोचा, बीएनएस की धाराओं में दर्ज है मुकदमा
कुशीनगर। रविंद्रनगर धूस थाना क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल की महिला वाइस प्रिंसिपल से कथित यौन उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने स्कूल प्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया है। सोशल मीडिया पर मामले से संबंधित पोस्ट सामने आने के बाद पुलिस ने संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज किया और शुक्रवार को आरोपी की गिरफ्तारी की कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया था कि वह रविंद्रनगर धूस क्षेत्र के द रेनबो लोरेटो स्कूल में वाइस प्रिंसिपल के पद पर कार्यरत थीं। तहरीर के मुताबिक स्कूल प्रबंधक दिनेश राय पुत्र शारदा राय, निवासी मोतीछापर, थाना रविंद्रनगर धूस ने उनके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पूर्व में भी आरोपी ने उनके साथ अभद्रता की थी, जिस पर समझाने के बाद उसने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी थी।
महिला के अनुसार, एक अक्टूबर को स्कूल में छुट्टी के बाद जब वह जाने लगीं तो प्रबंधक ने उन्हें स्कूल के काम के बहाने रोक लिया। आरोप है कि कुछ देर बाद आरोपी ने उनका हाथ पकड़कर उनके साथ अशोभनीय व्यवहार किया। विरोध करने पर कथित रूप से मारपीट की गई और जान से मारकर नहर में फेंक देने की धमकी दी गई। शिकायत में पुलिस और अधिकारियों में अपनी पहचान होने की बात कहकर शिकायत करने पर कार्रवाई नहीं होने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया था
।मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर मु0अ0सं0 160/2026 दर्ज किया। एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 75, 115(2) और 351(3) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
सोशल मीडिया पोस्ट का भी पुलिस ने लिया संज्ञान
कुशीनगर पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के मुताबिक, सोशल मीडिया के माध्यम से यौन उत्पीड़न और धमकी आदि से संबंधित पोस्ट पुलिस के संज्ञान में आया था। इसके बाद थाना रविंद्रनगर धूस पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त दिनेश राय को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
तीन सदस्यीय पुलिस टीम ने की गिरफ्तारी
आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, उपनिरीक्षक विनायक यादव और कांस्टेबल पंकज सिंह, थाना रविंद्रनगर धूस शामिल रहे।
साजिद अंसारी पड़रौना









