अंबेडकर और डॉ. कलाम पर टिप्पणी को लेकर आजाद समाज पार्टी ने एसपी को सौंपा पत्र

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। सिसवा विधायक प्रेम सागर पटेल पर संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगा है। मामले को लेकर आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष एडवोकेट अखिलेश आजाद ने पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी को पत्र देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।

जिलाध्यक्ष ने पत्र में बताया कि 23 सितंबर 2026 को निचलौल स्थित राजेंद्र प्रसाद तारा चंद पीजी कॉलेज में आयोजित वृहद रोजगार मेला एवं नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में सिसवा विधायक प्रेम सागर पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। आरोप है कि कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी की। इसी दौरान पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम को लेकर भी कथित तौर पर ऐसी टिप्पणी की गई, जिसे शिकायतकर्ता ने अपमानजनक बताया है।

अखिलेश आजाद का कहना है कि कथित टिप्पणी का वीडियो और ऑडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था। उन्होंने दावा किया कि संबंधित पोस्ट विधायक के व्यक्तिगत फेसबुक अकाउंट पर भी पोस्ट की गई थी, जिसे बाद में हटा दिया गया। उनके अनुसार, कथित टिप्पणी से बाबा साहेब और डॉ. कलाम के विचारों को मानने वाले लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं तथा सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका है।

एसपी को दिए पत्र में उपलब्ध वीडियो, ऑडियो, सोशल मीडिया पोस्ट, स्क्रीनशॉट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कराने तथा तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायत में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई का अनुरोध किया गया है।

इस दौरान रणविजय साहब, धर्मराज गौतम, अंकित सिंह, मनोज राव, राजवीर यादव, आलोक, राकेश आजाद और अखिलेश राव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]