नौतनवा के एबी इंटरनेशनल स्कूल में गांधी-शास्त्री जयंती का प्री-सेलिब्रेशन, बच्चों ने दिया सत्य और स्वच्छता का संदेश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। नौतनवा स्थित बचपन एवं एबी इंटरनेशनल स्कूल में गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती का प्री-सेलिब्रेशन उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बच्चों को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचारों और आदर्शों से परिचित कराया गया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को बताया गया कि महात्मा गांधी को राष्ट्रपिता और प्यार से बापू कहा जाता है। दो अक्टूबर को गांधी जयंती के साथ ही लाल बहादुर शास्त्री जयंती भी मनाई जाती है। शिक्षकों ने बच्चों को शास्त्री जी के जीवन और उनके विचारों की जानकारी देते हुए बताया कि वे देश के दूसरे प्रधानमंत्री थे। उन्हें उनके प्रसिद्ध नारे ‘जय जवान, जय किसान’ के बारे में भी बताया गया। बच्चों को यह संदेश दिया गया कि हर काम की अपनी गरिमा होती है और किसी भी कार्य को पूरी क्षमता एवं ईमानदारी से करने से संतोष मिलता है।

महात्मा गांधी के जीवन और उनकी शिक्षाओं को बच्चों ने नाटक एवं अन्य गतिविधियों के माध्यम से प्रस्तुत किया। गांधी जी के तीन बंदरों के संदेश के साथ बच्चों को सत्य, प्रेम और अहिंसा को जीवन में अपनाने की सीख दी गई। स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देने के लिए बच्चों ने स्वच्छता रैली और डांडी मार्च का आयोजन भी किया।

कार्यक्रम में फैंसी ड्रेस, रोल प्ले, स्पीच, स्किट, क्राफ्ट और ड्राइंग जैसी विभिन्न गतिविधियों में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रक्षित, आशुतोष, अनन्या, ओम, अक्षत, आयुष्मान और रुद्र गांधी जी की वेशभूषा में, जबकि अभिलक्ष्य, सार्थक, भावेश, मृदुल, अयांश और तेजस शास्त्री जी के रूप में नजर आए।

डायरेक्टर अंजली ने बच्चों को बापू की सीख को जीवन में उतारने, अपना काम स्वयं करने, हमेशा सच बोलने, झूठ से दूर रहने और आपस में प्रेम से रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में तेजस्वी, मोनिका, वैष्णवी, मनिता, ईशा, प्रीती, अंजली, अंशिका, श्रद्धा, रिंकल, प्रतिभा और सौम्या सहित शिक्षक मौजूद रहे। बच्चों ने गांधी जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]