2 हजार मानदेय पर आजीविका समूह की महिलाओं का फूटा आक्रोश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। बिछियां धरनास्थल पर बुधवार को आजीविका समूह से जुड़ी बड़ी संख्या में महिलाओं ने कम मानदेय के विरोध में प्रदर्शन किया। महिलाओं ने आरोप लगाया कि उनसे प्रतिदिन 8 से 10 घंटे तक काम कराया जाता है, लेकिन इसके बदले महज दो हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है। महिलाओं ने मानदेय बढ़ाकर 14 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग की।

प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कहा कि काम के दौरान मोबाइल के इस्तेमाल पर होने वाले खर्च के लिए रिचार्ज की व्यवस्था भी की जाए और मानदेय का भुगतान प्रत्येक माह समय से किया जाए। उन्होंने आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की तर्ज पर सम्मानजनक मानदेय देने की मांग उठाई।

महिलाओं ने जिला और ब्लॉक स्तर के अधिकारियों पर सम्मानजनक व्यवहार नहीं करने का भी आरोप लगाया। आजीविका समूह की महिला अंजू पांडे ने कहा कि कम मानदेय में परिवार का खर्च चलाना मुश्किल है। महिलाओं ने कहा कि वे किसी से भीख नहीं मांग रहीं, बल्कि अपने काम के बदले उचित मेहनताना चाहती हैं।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर लखनऊ से दिल्ली तक आंदोलन और हड़ताल की चेतावनी भी दी गई।

अशोक कुमार जायसवाल

और पढ़ें

[the_ad id="164"]