कानपुर जनपद न्यायालय के अधिवक्ताओं ने अपनी 15 सूत्रीय मांगों के समर्थन में आज हड़ताल कर मानव श्रृंखला बनाकर विरोध प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं का कहना है कि बीते दिनों आयोजित प्रांतीय अधिवक्ता सम्मेलन में अधिवक्ताओं की ओर से सरकार के सामने 15 मांगें रखी गई थीं, लेकिन अभी तक इन मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।
इसी के विरोध में कानपुर न्यायालय के अधिवक्ताओं ने सामूहिक अवकाश पर रहते हुए दोपहर 12 बजे से जनपद न्यायालय परिसर के चारों ओर मानव श्रृंखला बनाई। अधिवक्ताओं ने कहा कि मानव श्रृंखला के जरिए भारत सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और न्यायपालिका का ध्यान उनकी मांगों की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया गया।
प्रदर्शन में कानपुर जनपद न्यायालय के सैकड़ों अधिवक्ताओं ने हिस्सा लिया। अधिवक्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर आगे भी आंदोलन जारी रखने की बात कही।









