मथुरा के मांट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक राजेश चौधरी ने पाकिस्तान के नंबर से धमकी भरे फोन कॉल आने की शिकायत पुलिस से की है। विधायक के मुताबिक, 28 सितंबर की देर रात उन्हें कॉल आया, जिसमें कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। विधायक ने बताया कि इससे पहले भी उनके पास पाकिस्तान के नंबरों से ऐसे कॉल आ चुके हैं।
मामले को लेकर विधायक ने मथुरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर मुकदमा दर्ज करने और अपनी तथा परिवार की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
संवाददाता— वेद प्रकाश सारस्वत, मथुरा









