महराजगंज। भिटौली विकासखंड के ग्राम पंचायत तरकुलवा तिवारी स्थित केवटान टोले में रास्ते की समस्या से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को घुटने भर पानी में खड़े होकर प्रदर्शन किया। करीब 25 घरों की लगभग 200 आबादी वाले इस टोले के लोगों ने मुख्य मार्ग तक करीब 100 मीटर आम रास्ता बनवाने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के 78 साल बाद भी केवटान टोले को मुख्य मार्ग से जोड़ने के लिए कोई सरकारी रास्ता उपलब्ध नहीं है। वर्तमान में लोगों को खेतों की पगडंडी से होकर आवागमन करना पड़ता है। बरसात के दिनों में स्थिति और खराब हो जाती है। पगडंडी पानी और कीचड़ में डूब जाने से टोले के लोगों का मुख्य मार्ग तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों के मुताबिक बारिश के दौरान पूरा टोला टापू जैसा हो जाता है।
प्रदर्शन में शामिल सनोज साहनी, भोला साहनी, सुनील साहनी, पूनम देवी, चनिया देवी, सोनिया देवी, कृपा देवी, निर्मला देवी और वंदना देवी समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि रास्ते की समस्या को लेकर ग्राम प्रधान से लेकर विधायक और सांसद तक कई बार गुहार लगाई जा चुकी है। ग्रामीणों का आरोप है कि हर बार जमीन का अभाव बताकर मामले को टाल दिया जाता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके की जांच कराकर मुख्य मार्ग तक 100 मीटर आम रास्ता उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि रास्ता बनने से करीब 200 लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी और बरसात के दौरान होने वाली परेशानी से भी निजात मिल सकेगी।









