लखीमपुर खीरी। पलिया विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव रेहान खान ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में किसानों और ग्रामीणों से जुड़ी पांच प्रमुख समस्याओं को उठाया गया है।
रेहान खान ने कहा कि पलिया क्षेत्र में जंगल से निकलकर जंगली हाथियों के झुंड खेतों में पहुंच रहे हैं, जिससे गन्ना, धान सहित अन्य फसलों को नुकसान हो रहा है। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में मजबूत तार फेंसिंग और सोलर फेंसिंग कराने की मांग की।
इसके अलावा बारिश और बाढ़ से प्रभावित किसानों की फसलों का तत्काल सर्वे कराकर क्षति का आकलन करने और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की गई। बाढ़ व जलभराव प्रभावित गांवों में स्थायी जल निकासी व्यवस्था, नालों एवं जल निकासी मार्गों की सफाई और आवश्यक तटबंधों की मरम्मत कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।
ज्ञापन में वन्यजीव प्रभावित गांवों में वन विभाग की नियमित गश्त और निगरानी बढ़ाने तथा वन्यजीवों के हमले से फसल या जनहानि होने पर प्रभावित परिवारों को समयबद्ध राहत और मुआवजा देने की मांग की गई है। वहीं ग्राम सभा मुझाहा के सर्किल रेट की समीक्षा कर उचित बढ़ोतरी किए जाने की मांग भी रखी गई।
सपा नेता ने जिलाधिकारी से सभी मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई कर पलिया विधानसभा क्षेत्र की जनता को राहत दिलाने की मांग की।









