हापुड़। मोदीनगर रोड स्थित गांव बदनौली के बाहर खेतों में मंगलवार सुबह 25 वर्षीय युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान आदर्श नगर कॉलोनी निवासी अमन पुत्र हंसराज के रूप में हुई है।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह, एएसपी महेश कुमार, फॉरेंसिक टीम और चार थानों की पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के मुताबिक युवक के सिर पर किसी वस्तु से प्रहार किए जाने के निशान मिले हैं। घटनास्थल से मृतक की स्कूटी भी बरामद हुई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के कारणों और आरोपियों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने जल्द ही घटना का खुलासा करने की बात कही है।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
रिपोर्ट: दीपक कश्यप
स्थान: हापुड़









