मौसम बदलते ही बढ़ीं मौसमी बीमारियां, बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को बरतनी होगी विशेष सावधानी: डॉ. एस. के. चतुर्वेदी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय), मंगलवार को । मौसम में लगातार हो रहे बदलाव और बारिश के चलते क्षेत्र में मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ने लगा है। राजकीय महिला चिकित्सालय, मुगलसराय में इन दिनों मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। अस्पताल में बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं, जिनमें सबसे अधिक छोटे बच्चे, बुजुर्ग और त्वचा संबंधी रोगों से पीड़ित मरीज शामिल हैं।

राजकीय महिला चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस. के. चतुर्वेदी ने बताया कि बदलते मौसम के कारण सर्दी-जुकाम, वायरल बुखार और चर्म रोग के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। विशेष रूप से बच्चों में वायरल संक्रमण के मामले अधिक सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बारिश और तापमान में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव का सीधा असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है।

डॉ. चतुर्वेदी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि बारिश में भीगने से बचें। पहली बारिश का पानी कई बार स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। शरीर के तापमान में अचानक बदलाव होने पर वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए गर्म स्थान से अचानक ठंडे वातावरण या ठंडे स्थान से गर्म वातावरण में जाने से बचना चाहिए।

उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। बच्चों को बिना जरूरी काम के बारिश में बाहर न ले जाएं। यदि बाहर जाना जरूरी हो तो छाते या रेनकोट का उपयोग करें। बारिश के दौरान बिजली गिरने की आशंका भी रहती है, इसलिए खुले स्थानों पर खड़े होने से बचें और सुरक्षित स्थान पर शरण लें। वहीं बुजुर्गों को भी बारिश में भीगने से बचाना चाहिए।

चिकित्सा अधीक्षक ने लोगों से मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने, स्वच्छता बनाए रखने और किसी भी प्रकार के वायरल लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की। उनके अनुसार समय रहते बचाव ही मौसमी बीमारियों से सुरक्षित रहने का सबसे प्रभावी उपाय है।

 

अशोक कुमार जायसवाल

और पढ़ें

[the_ad id="164"]