महराजगंज। जनपद में लगातार हो रही अतिवृष्टि और गंडक बैराज से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण सोहगीबरवा क्षेत्र के प्रभावित गांवों में जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया है। अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी और उप जिलाधिकारी ने नाव के माध्यम से प्रभावित गांवों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का कार्य भी लगातार जारी है।
अधिकारियों ने क्षेत्र में संचालित चार कम्युनिटी किचन का निरीक्षण कर भोजन व्यवस्था की जानकारी ली। एडीएम ने निर्देश दिया कि प्रभावित ग्रामीणों को समय से पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही पेयजल, प्रकाश और स्वास्थ्य सुविधाओं की भी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
एडीएम ने बताया कि अतिवृष्टि और गंडक बैराज से भारी डिस्चार्ज के कारण तीन गांव प्रभावित हुए हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और जलस्तर में लगातार कमी आ रही है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस टीमों को समन्वय के साथ राहत कार्य जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।









