पकौड़ी खाने के बाद युवक की संदिग्ध मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय युवक आदित्य नाथ गौड़ पुत्र अमरनाथ गौड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आदित्य नाथ गौड़ निचलौल स्थित सुहाना पैथोलॉजी में काम करता था। सोमवार शाम काम खत्म करने के बाद वह अपने दोस्तों के साथ नाश्ता करने के लिए निकला था। निचलौल के गायत्री मंदिर के पास एक दुकान से दोस्तों ने पकौड़ी खरीदी और पास के एक बगीचे में बैठकर खाने लगे।

बताया जा रहा है कि पकौड़ी खाने के कुछ देर बाद आदित्य नाथ के मुंह से अचानक झाग निकलने लगा और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। आनन-फानन में दोस्तों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]