महराजगंज। शहर के दुर्गा मंदिर के सामने मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ‘दुल्हा घर’ कपड़े के शोरूम में अचानक आग लग गई। शोरूम से धुआं और आग की लपटें निकलती देख आसपास के लोगों ने तत्काल दुकानदार और फायर सर्विस को सूचना दी। कुछ ही देर में आग ने शोरूम के अंदर रखे कपड़ों और अन्य सामान को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। आसपास की दुकानों में मौजूद व्यापारियों और ग्राहकों में भी दहशत फैल गई। आग बढ़ने की आशंका को देखते हुए आसपास की दुकानों को खाली कराया गया। स्थानीय लोगों ने भी आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया गया। इसके बाद फायर कर्मियों ने शोरूम के अंदर और आसपास के हिस्सों की जांच की, ताकि आग दोबारा न भड़क सके।

प्रारंभिक जानकारी में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि आग की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। आग से शोरूम में रखा बड़ी मात्रा में कपड़ा और अन्य सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। दुकानदार के अनुसार नुकसान लाखों रुपये का बताया जा रहा है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलने पर सीओ सदर अंकुर गौतम भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आग लगने के कारणों की जांच कराने की बात कही। वहीं आग की घटना के बाद दुकान मालिक सागर और उनके परिवार का रो-रोकर बुरा हाल रहा। परिवार के सदस्यों को शोरूम में हुए नुकसान से गहरा सदमा लगा।
समय रहते फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों की सक्रियता से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास की अन्य दुकानों तक आग फैलने से बच गई। घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में भी चिंता का माहौल बना रहा।









