टूटे 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आई महिला, दर्दनाक मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

फर्रुखाबाद। कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के चिलाका मोहल्ले में बिजली विभाग की कथित लापरवाही के चलते एक महिला की 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मोहल्ले में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, 11 हजार वोल्ट की लाइन का तार पिछले दिन रात से टूटा पड़ा था। मोहल्लेवासियों ने इसकी सूचना बिजली विभाग को दी थी। सूचना मिलने पर एक लाइनमैन मौके पर पहुंचा और टूटे तार को देखने के बाद वापस चला गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लाइनमैन ने न तो टूटे तार को ठीक कराया और न ही विद्युत आपूर्ति बंद कराई।

बताया जा रहा है कि सुबह एक महिला घर से बाहर निकली और टूटे पड़े 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आ गई। करंट लगने से महिला गंभीर रूप से झुलस गई और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

मोहल्लेवासियों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]