मथुरा। गोवर्धन थाना पुलिस और SOG की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 10:35 बजे गोवर्धन तहसील से नगला सपेरा की ओर जाने वाले रास्ते पर नाले की पुलिया के पास पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुस्ताक उर्फ गोली (27), निवासी मुखराई, थाना गोवर्धन को रोकने का प्रयास किया गया।
पुलिस का आरोप है कि रोकने पर अभियुक्त ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल अभियुक्त को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोवर्धन ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल मथुरा रेफर कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, मुस्ताक थाना गोवर्धन में दर्ज एक मुकदमे में वांछित था। उसके कब्जे से 2,750 रुपये नकद, .315 बोर का तमंचा, तीन खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल, हाईस्कूल की मार्कशीट, ड्राइविंग लाइसेंस और कथित फर्जी आधार कार्ड बरामद किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
संवाददाता: वेद प्रकाश सारस्वत









