पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। जगदीश सराय से मधुपुर होते हुए वृद्धाश्रम और बबुरी की ओर जाने वाली सड़क इन दिनों बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। बारिश के दौरान इनमें पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, यह मार्ग करीब 50 गांवों को जोड़ता है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इस रास्ते से आवागमन करते हैं। सड़क पर गड्ढों के कारण बड़े वाहनों के गुजरने के दौरान कई बार जाम की स्थिति बन जाती है। बारिश में जलभराव के चलते गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है।
स्थानीय निवासी राजेंद्र प्रसाद विश्वकर्मा ने बताया कि सड़क निर्माण के दौरान उचित ढलान नहीं होने से पानी की निकासी ठीक से नहीं हो पाती। सड़क की बदहाली से वृद्धाश्रम आने-जाने वाले बुजुर्गों और आसपास के स्कूलों में जाने वाले बच्चों को भी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों के मुताबिक कई बार लोग फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं।
ग्रामीण कुमार केशरी ने बताया कि सड़क के साथ-साथ नालियों और खड़ंजों की स्थिति भी खराब है। मिडिल स्कूल के आसपास नालियां बजबजा रही हैं। उनका कहना है कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।
ग्रामीणों के अनुसार यह मार्ग एनएच-2 से मधुपुर और बहेरा होते हुए भारतमाला एक्सप्रेसवे से जुड़ता है। ऐसे में करीब 50 गांवों के लिए यह महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से सड़क का स्थलीय निरीक्षण कराकर गड्ढों की मरम्मत, उचित ढलान और जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।









