मेरठ के कंकरखेड़ा थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान 390 पेटी अवैध विदेशी शराब से भरे कैंटर को पकड़ा है। पुलिस ने मौके से कैंटर चालक को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब चंडीगढ़ (यूटी) में बिक्री के लिए अनुमन्य थी और इसे चंडीगढ़ से बिहार ले जाया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर को अपराध एवं अपराधियों की रोकथाम के लिए रोहटा फ्लाईओवर के पास खड़ौली बाईपास पर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने कैंटर वाहन संख्या PB05AT XXXX को रोककर तलाशी ली। कैंटर में विदेशी शराब की कुल 390 पेटियां बरामद हुईं।
पुलिस ने मौके से कैंटर चालक जोगिन्दर सिंह (36) पुत्र दलीप सिंह निवासी ग्राम चक मेघा विरान, थाना गुरूहरसहाय, जनपद फिरोजपुर, पंजाब को गिरफ्तार किया।
80 हजार रुपये में तय हुआ था भाड़ा
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वाहन की फाइनेंस किस्त टूट जाने के कारण वह भाड़े पर कैंटर चलाने के लिए काम तलाश रहा था। इसी दौरान एक व्यक्ति ने इंटरनेट कॉलिंग नंबर से व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से उससे संपर्क किया। आरोपी के अनुसार, चंडीगढ़ से बिहार के गया तक शराब पहुंचाने के लिए 80 हजार रुपये भाड़ा तय हुआ था।
अधिक मुनाफे के लालच में वह शराब पहुंचाने के लिए तैयार हो गया। आरोपी ने बताया कि उसे चंडीगढ़ से करीब 40 किलोमीटर दूर शराब से भरा कैंटर सौंपा गया था। गया पहुंचने के बाद वाहन लेने वाले व्यक्ति का मोबाइल नंबर और लोकेशन भेजने की बात कही गई थी।
पुलिस ने बरामद शराब और कैंटर को कब्जे में लेकर थाना कंकरखेड़ा में मुकदमा अपराध संख्या 726/2026 के तहत धारा 60/63/72 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।









