महराजगंज। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत थाना सोनौली पुलिस की ओर से ग्राम नौनिया में ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 25 महिलाओं एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सम्मेलन में उपनिरीक्षक प्रिया तिवारी, महिला कांस्टेबल रीमा और महिला कांस्टेबल प्रीति ने महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया। मिशन शक्ति टीम ने छेड़छाड़, दहेज उत्पीड़न, दहेज हत्या, दुष्कर्म समेत महिलाओं के विरुद्ध होने वाले विभिन्न अपराधों से बचाव के उपायों और सतर्कता के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
पुलिस टीम ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में महिलाएं और बालिकाएं तत्काल सरकारी हेल्पलाइन की मदद ले सकती हैं। इस दौरान 112 आपातकालीन सेवा, 1090 महिला पावर लाइन, 102/108 स्वास्थ्य सेवाएं, 181 महिला हेल्पलाइन तथा साइबर हेल्पलाइन के उपयोग की जानकारी दी गई। महिलाओं को साइबर अपराध से सावधान रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए भी प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ समेत विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने बालिकाओं एवं महिलाओं को घर से बिना बताए चले जाने अथवा एलोपमेंट से उत्पन्न होने वाली सामाजिक चुनौतियों और संभावित दुष्परिणामों के प्रति भी सचेत किया।
सम्मेलन में महिलाओं ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों से उन्हें अपने अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी मिलती है। साथ ही, अपनी समस्याओं को पुलिस एवं प्रशासन के समक्ष निर्भीक होकर रखने का आत्मविश्वास भी बढ़ता है। पुलिस टीम ने महिलाओं को किसी भी परेशानी की स्थिति में तत्काल संबंधित हेल्पलाइन या पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।









