महराजगंज। अग्रवाल मैरिज हाल में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों की समस्याओं, उनके अधिकारों, संगठन के विस्तार और आगामी गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान भाजपा नेता जितेंद्र जायसवाल को प्रदेश उपाध्यक्ष तथा महराजगंज जिलाध्यक्ष फूलचंद अग्रवाल को वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। दोनों के मनोनयन पर संगठन के पदाधिकारियों और व्यापारियों ने बधाई दी।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष सुधीर अग्रहरी ने किया। बैठक में संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों और विभागों के स्तर पर प्रभावी ढंग से पैरवी की जानी चाहिए। व्यापारियों को अपने अधिकारों के साथ ही शासन की ओर से उपलब्ध सुविधाओं और योजनाओं की जानकारी भी होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाना और उनके हितों के लिए लगातार कार्य करना है। बैठक के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए व्यापारियों ने अपनी समस्याएं और व्यापारी हितों से जुड़े मुद्दे संगठन के पदाधिकारियों के समक्ष रखे। प्रांतीय अध्यक्ष ने समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक सहयोग और कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बैठक में संगठन के विस्तार को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कोल्हुई और फरेंदा में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इसके अलावा प्रांतीय अध्यक्ष की यात्रा के दौरान कुशीनगर में भी व्यापारियों के साथ बैठक कर व्यापार मंडल के गठन और संगठन को मजबूत करने पर चर्चा की गई।
प्रांतीय अध्यक्ष ने नवगठित पदाधिकारियों से व्यापारियों के हित में सक्रियता से कार्य करने और अधिक से अधिक व्यापारियों को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष सुधीर अग्रहरी, प्रदेश उपाध्यक्ष जितेंद्र जायसवाल, जिलाध्यक्ष फूलचंद अग्रवाल, जिला कोषाध्यक्ष विवेक कुमार गुप्ता, युवा जिलाध्यक्ष गौतम जोशी, सदर नगर अध्यक्ष रतन गुप्ता, कोल्हुई नगर अध्यक्ष श्रीराम जायसवाल, महामंत्री कृष्णा शंकर उपाध्याय, युवा नगर अध्यक्ष कोल्हुई देव अग्रहरी, उपाध्यक्ष अभिषेक रौनियार सहित विभिन्न नगरों के पदाधिकारी और दर्जनों व्यापारी मौजूद रहे।









