जिला कारागार का त्रैमासिक निरीक्षण, बंदियों की समस्याएं सुन अधिकारियों ने दिए जरूरी निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। जिला जज अरविंद कुमार मलिक, जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने शुक्रवार को जिला कारागार महराजगंज का त्रैमासिक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिला जज ने पुरुष बैरक, महिला बैरक, रसोईघर और जेल परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने बंदियों से सीधे वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण के लिए जेल प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जेलकर्मियों को निर्देशित किया कि सभी बंदियों को जेल मैनुअल के अनुसार आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

जिला जज ने कहा कि आवश्यकता के अनुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से समन्वय स्थापित कर बंदियों को विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। बीमार बंदियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और उन्हें समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।

महिला बंदियों और बच्चों से जुड़े मामलों में विशेष संवेदनशीलता बरतने पर जोर देते हुए उन्होंने उनके लिए विशेष कक्षाओं और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने जिला जज के निर्देशों का प्रभावी ढंग से अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए जेल अधीक्षक को निर्देशित किया। इस दौरान बंदियों के सामान की भी जांच की गई, जिसमें किसी भी बंदी के पास कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली।

निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक बीके गौतम, उपायुक्त उद्योग नीरज सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]