कुशीनगर से मोतिहारी के लिए भरनी थी उड़ान, लगातार बारिश के कारण रुका एयर शो
कसया। लगातार हो रही बारिश ने भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम के एयर शो की उड़ान रोक दी। शुक्रवार को मोतिहारी के गांधी मैदान में प्रस्तावित एयर शो के लिए कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से सूर्यकिरण टीम के नौ हॉक एमके-132 विमानों को उड़ान भरनी थी, लेकिन खराब मौसम के कारण विमान उड़ान नहीं भर सके। इसके चलते मोतिहारी में होने वाला प्रदर्शन फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।

मोतिहारी में पहली बार प्रस्तावित इस एयर शो में सूर्यकिरण टीम के नौ विमान एक साथ आसमान में उड़ान भरकर विभिन्न फॉर्मेशन में हैरतअंगेज करतब दिखाने वाले थे। करीब दो घंटे के प्रदर्शन में लूप, बैरल रोल, उल्टी उड़ान और डीएनए मैन्युवर जैसे करतब शामिल थे। विमानों से केसरिया, सफेद और हरे रंग की धुआं-धाराएं निकालकर आसमान में तिरंगे की आकृति भी बनाई जानी थी।
कुशीनगर से उड़ान की थी तैयारी
सूर्यकिरण टीम के विमानों को कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से मोतिहारी के लिए उड़ान भरनी थी। कुशीनगर और मोतिहारी में सुबह से लगातार बारिश और खराब मौसम के कारण विमान उड़ान नहीं भर सके। मौसम साफ होने के बाद ही एयर शो के आयोजन को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।
फॉर्मेशन उड़ान के दौरान विमानों के बीच की दूरी कई बार पांच मीटर से भी कम रहती है। तेज गति में इतनी कम दूरी पर उड़ान भरने के लिए साफ मौसम और बेहतर दृश्यता जरूरी होती है। बारिश और खराब दृश्यता में इस तरह का प्रदर्शन संभव नहीं होने के कारण एयर शो स्थगित कर दिया गया।
सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम का गठन वर्ष 1996 में हुआ था। टीम देश-विदेश में कई हवाई प्रदर्शन कर चुकी है।









