मथुरा। जैंत थाना क्षेत्र के सुनरख-रामताल मार्ग पर गणेश सिटी के समीप तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार जैंत निवासी रामवीर पुत्र दिलीप सिंह बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रामवीर ट्रक के पहिए के नीचे आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही जैंत थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि रामवीर अपने पीछे दो पुत्रों का परिवार छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और फरार ट्रक चालक की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर दबिश देने की कार्रवाई की जा रही है।
संवाददाता: वेद प्रकाश सारस्वत









