महराजगंज। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महराजगंज पुलिस ने गुरुवार को जनपदभर में ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं अन्य भारी वाहनों के विरुद्ध विशेष चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने अभियान के तहत वाहनों की सघन जांच की।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने कुल 499 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रोककर उनकी जांच की। जांच के दौरान जिन वाहनों पर रिफ्लेक्टर नहीं लगे थे, उनमें से 263 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर मौके पर ही रिफ्लेक्टर लगाए गए। वहीं, पुलिस टीमों ने 236 वाहन चालकों को रिफ्लेक्टर लगाने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक एवं प्रेरित किया।
पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली का उपयोग कृषि और व्यावसायिक कार्यों में बड़ी संख्या में किया जाता है। रात के समय इन वाहनों पर पर्याप्त रिफ्लेक्टर नहीं होने से पीछे से आने वाले वाहन चालकों को ट्रैक्टर-ट्रॉली दिखाई नहीं देती, जिससे सड़क दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाना सड़क सुरक्षा की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है।
पुलिस टीमों ने चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, रात में वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने तथा अपने वाहनों को सुरक्षित रखने के संबंध में भी जानकारी दी। अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनाना भी रहा।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि जनसुरक्षा महराजगंज पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़क हादसों में कमी लाने के लिए चेकिंग और जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
महराजगंज पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं अन्य वाहनों पर आवश्यक रिफ्लेक्टर अवश्य लगाएं और यातायात नियमों का पालन करते हुए स्वयं तथा अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।









