महराजगंज। पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अपराध एवं चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना परसामलिक पुलिस ने चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की गई क्रॉम्पटन कंपनी की 2 एचपी क्षमता वाली इलेक्ट्रिक पानी मोटर बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, थाना परसामलिक में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 82/26, धारा 303(2), 317(2) बीएनएस से संबंधित विवेचना के दौरान तीन अभियुक्तों का नाम प्रकाश में आया था। कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने शिवकुमार शर्मा पुत्र तुफानी शर्मा (21 वर्ष), निवासी महदेइया टोला पचडिहवा, थाना परसामलिक, कृष्णा साहनी पुत्र रामबेलास (19 वर्ष) तथा जितेन्द्र कुमार पुत्र राममिलन (20 वर्ष), दोनों निवासी महदेइया टोला बकुलादह, थाना परसामलिक को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान अभियुक्तों के कब्जे से एक इलेक्ट्रिक पानी मोटर बरामद हुई। बरामद मोटर क्रॉम्पटन कंपनी की है, जिसका मॉडल नंबर MBQ22(1PH)14 SLV और क्षमता 2 एचपी बताई गई है।
गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उन्हें न्यायालय भेज दिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार, हेड कांस्टेबल सुभाष यादव, हेड कांस्टेबल मुनायन यादव, कांस्टेबल बृजेश यादव, कांस्टेबल अंगद सिंह और कांस्टेबल जितेन्द्र गुप्ता शामिल रहे।









