कुशीनगर। पुलिस विभाग में उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा ‘उत्कृष्ट सेवा पदक’ और ‘अति उत्कृष्ट सेवा पदक’ से सम्मानित किए गए कुशीनगर पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारियों का पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
सम्मान समारोह के दौरान एसपी केशव कुमार ने पदक से सम्मानित सभी पुलिसकर्मियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पुलिसकर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और उत्कृष्ट सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के सम्मान पुलिसकर्मियों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं।
एसपी ने सम्मानित पुलिसकर्मियों से आगे भी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा आमजन की सुरक्षा और सेवा को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी सम्मानित पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन किया। सम्मान मिलने से पुलिसकर्मियों में खुशी और उत्साह का माहौल रहा।









