कानपुर। साइबर ठगी के कथित नेटवर्क के खिलाफ कानपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। साइबर क्राइम सेल, रावतपुर और कल्याणपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी कूटरचित आधार और पैन कार्ड के जरिए फर्जी फर्म तैयार कर उनके नाम पर अलग-अलग बैंकों में करंट अकाउंट खुलवाते थे। इन खातों के माध्यम से साइबर ठगी की रकम का लेन-देन किए जाने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विपिन कुमार, शिवप्रताप, राजेश्वर उर्फ अजीत और हिमांशु गौतम के रूप में हुई है। पुलिस ने चारों को आईआईटी कानपुर के पिछले गेट के पास से गिरफ्तार करने की बात कही है।
पुलिस का दावा है कि इस नेटवर्क का संबंध करीब 250 करोड़ रुपये की साइबर धोखाधड़ी से जुड़ी 322 शिकायतों से सामने आया है। हालांकि, इन शिकायतों और रकम से आरोपियों का वास्तविक संबंध जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के साथ बैंक खातों, फर्जी दस्तावेजों और फर्मों से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है। साथ ही नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगाया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साइबर ठगी के मामलों में फर्जी दस्तावेजों और बैंक खातों के इस्तेमाल की कड़ियों को जोड़कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
रिपोर्ट: विपिन सागर, कानपुर









