प्रतापगढ़। जेठवारा थाना क्षेत्र के डेरवा में ज्वैलर्स के घर हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, चोरी की वारदात को पीड़ित के सगे भाई उदय कौशल ने अपने दोस्त अंकित कौशल के साथ मिलकर अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार उदय कर्ज में डूबा था और उसने बड़े भाई के घर के खाली होने का फायदा उठाकर चोरी की योजना बनाई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को बरईपुर नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर सोने-चांदी के आभूषण, 81,200 रुपये नकद, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और वारदात में प्रयुक्त वैगनआर कार बरामद होने की बात कही गई है। बरामद सामान में मंगलसूत्र, चूड़ी, कड़ा, चेन, झुमका, नथ, अंगूठी, पायल और बिछिया समेत अन्य आभूषण शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, 21 सितंबर की शाम परिवार के रिश्तेदारी में जाने के दौरान आरोपियों ने दूसरी मंजिल के रोशनदान की जाली तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी से जेवरात व नकदी चोरी कर ली। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की है। सीओ सदर मनोज कुमार रघुवंशी ने पुलिस कार्रवाई की जानकारी दी।
प्रेम मिश्रा, प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश।









