सहारनपुर। जिला महिला अस्पताल से सोमवार को चोरी किए गए नवजात बच्चे को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में आरोपी महिला आशु को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, संतान नहीं होने के कारण महिला ने नवजात को चोरी करने की योजना बनाई थी।
एसपी सिटी व्योम बिंदल के मुताबिक, आरोपी महिला ने अस्पताल में कई दिनों तक रेकी की। इसके बाद अस्पताल के स्टाफ से मिलती-जुलती ड्रेस पहनकर खुद को कर्मचारी बताया और नवजात को टीका लगवाने के बहाने परिजनों से लेकर फरार हो गई। पुलिस के अनुसार, महिला बच्चे को चोरी कर उत्तराखंड ले गई थी।
नवजात की तलाश में थाना जनकपुरी पुलिस और एसओजी की टीमें लगाई गई थीं। पुलिस ने अस्पताल और आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर आरोपी महिला तक पहुंचने में सफलता मिली। पुलिस ने नवजात की उसकी मां शबाना से पहचान कराई और इसके बाद बच्चे को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला ने बच्चे को अपने घर ले जाकर पड़ोसियों को उसके बेटा होने की जानकारी भी दी थी। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
रिपोर्ट: काशिफ खान, सहारनपुर









