एटा। जसरथपुर थाना क्षेत्र के भोजापुर गांव में 32 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान सुरमीला के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही जसरथपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों तथा आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य भी एकत्र किए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि सुरमीला की शादी करीब छह वर्ष पहले हुई थी। विवाहिता की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने परिजनों से भी घटना से जुड़ी जानकारी ली है। फिलहाल गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होने की उम्मीद है।
रिपोर्ट: करन प्रताप सिंह, एटा









