कानपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र में विनीत मिनोचा हत्याकांड की जांच में पुलिस ने साजिश की कई कड़ियां सामने आने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या के पीछे कथित तौर पर पारिवारिक विवाद और आर्थिक परेशानियां वजह रही हैं। पुलिस का आरोप है कि मृतक के 34 वर्षीय बेटे सुब्रत मिनोचा ने पिता की हत्या की योजना बनाई और इसके लिए विशाल गौतम व राजकिशोर को साजिश में शामिल किया।
पुलिस के अनुसार, राजकिशोर के माध्यम से फ्लैट की डुप्लीकेट चाबी विशाल गौतम तक पहुंचाई गई। जांच में डुप्लीकेट चाबी बनाने वाले व्यक्ति की पहचान कराई गई। पुलिस ने राजकिशोर की निशानदेही पर घटना के समय पहने गए कपड़े और विशाल गौतम की निशानदेही पर डुप्लीकेट चाबी बरामद करने की बात कही है।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में मृतक के आर्थिक और पारिवारिक विवादों से जुड़ी जानकारी सामने आई। जांच में लोन और ऑनलाइन ऐप के कर्ज का भी उल्लेख हुआ है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने घटना के बाद फोन से मैसेज और चैट डिलीट कर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, बरामदगी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है। पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने मामले की जानकारी दी।









