लखीमपुर खीरी में चिल्ड्रेन्स एकेडमी की घटना के बाद अब स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है। ABVP ने जनपद के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में एक समान और अनिवार्य सुरक्षा मानक लागू करने की मांग को लेकर प्रशासन को पत्र सौंपा है।
ABVP ने मांग की है कि प्रत्येक विद्यालय में मुख्य प्रवेश द्वार की व्यवस्था सख्त की जाए और बिना सत्यापन किसी भी बाहरी व्यक्ति को स्कूल परिसर में प्रवेश न दिया जाए। विद्यालय में आने वाले प्रत्येक आगंतुक का नाम, मोबाइल नंबर, आने का उद्देश्य और प्रवेश का समय दर्ज किया जाए।इसके साथ ही स्कूलों के मुख्य द्वार, प्रवेश-निकास, गलियारों, पार्किंग और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त CCTV कैमरे लगाए जाएं और उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाए।ABVP ने प्रशासन और पुलिस के सहयोग से समय-समय पर विद्यालयों का सुरक्षा ऑडिट कराने तथा प्रत्येक स्कूल में प्रशिक्षित सुरक्षा प्रहरी नियुक्त करने की भी मांग की है।
इतना ही नहीं, आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विद्यालयों में SOP यानी मानक संचालन प्रक्रिया लागू करने, शिक्षकों और कर्मचारियों को सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण देने तथा पुलिस, फायर सर्विस और एंबुलेंस से तत्काल संपर्क की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है।ABVP ने विद्यालयों में सुरक्षा समिति गठित करने की भी बात कही है, जिसमें प्रधानाचार्य, शिक्षक, अभिभावक और प्रबंधन के प्रतिनिधि शामिल हों।
समिति समय-समय पर स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करे।ABVP का कहना है कि विद्यालय बच्चों की शिक्षा के साथ-साथ उनके सुरक्षित भविष्य का आधार हैं। ऐसे में चिल्ड्रेन्स एकेडमी की घटना के बाद जनपद के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर प्रभावी और समान सुरक्षा मानक लागू किए जाने की जरूरत है।









