लखीमपुर खीरी केग्राम सिसैया खुर्द निवासी कोमल सिंह ने अपने साथ कथित तौर पर हुई घटना को लेकर प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है। कोमल सिंह का आरोप है कि गांव में मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर आवाज उठाने के बाद उन्हें धमकियों का सामना करना पड़ रहा है।
कोमल सिंह के मुताबिक, वह ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर अधिकारियों से मिली थीं। इसके बाद गांव में विकास नहीं तो वोट नहीं का बैनर लगाकर विरोध किया गया। उनका आरोप है कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद रात करीब आठ बजे पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों के साथ मारपीट की घटना हुई।
प्रार्थना पत्र में कोमल सिंह ने यह भी आरोप लगाया है कि भाजपा के धौरहरा विधायक विनोद शंकर अवस्थी का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें उनके नाम का जिक्र करते हुए कथित तौर पर धमकी दी गई। कोमल सिंह का कहना है कि सामाजिक कार्यों के सिलसिले में उन्हें क्षेत्र में आना-जाना पड़ता है, जिसके चलते वह भयभीत हैं।
उन्होंने प्रशासन से वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए अपनी, अपने परिवार और साथ आने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है। उन्होंने प्रार्थना पत्र में कहा है कि उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो संबंधित लोगों की जिम्मेदारी तय की जाए।









