बिजनौर। थाना कोतवाली शहर क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, 16 सितंबर को काली माता मंदिर रोड स्थित हिलर्स हॉस्पिटल के पास दोनों पक्षों के बीच फायरिंग हुई थी। घटना के बाद इलाके में भय और दहशत का माहौल पैदा हो गया था।
पुलिस के अनुसार, मामले में 19 सितंबर को धारा 109(1) बीएनएस और 7 क्रिमिनल लॉ एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आकाश निवासी कनखेड़ी, थाना धामपुर और हिमांशु निवासी पयोहारा गिरधर, थाना कोतवाली शहर को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, आकाश के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन बरामद किया गया, जिसे एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है। वहीं हिमांशु के पास से 315 बोर का अवैध तमंचा बरामद हुआ। हथियार की बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस पूछताछ के अनुसार, घटना के दौरान दोनों पक्षों की ओर से जवाबी फायरिंग हुई थी, जिसमें पिकअप वाहन का पिछला शीशा टूट गया। घटना के बाद दोनों पक्ष मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने अब दो आरोपियों को गिरफ्तार कर फायरिंग में इस्तेमाल वाहन और अवैध तमंचा बरामद करने का दावा किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
रिपोर्टर: मोहम्मद रहमान









