बिजनौर। थाना कोतवाली शहर पुलिस ने गंगा बंधे पर हुई लूट की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटी गई प्लेटिना बाइक, 1510 रुपये की नकदी और पीड़ित का आईकार्ड बरामद किया गया है। पुलिस ने वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मामला 28 अगस्त 2026 का है। गंगा बैराज से रावली जाने वाले गंगा बंधे पर दो लोगों के साथ लूट की घटना हुई थी। शिकायतकर्ता धर्मेंद्र के मुताबिक, आरोपियों ने लाठी-डंडों से मारपीट कर उसकी प्लेटिना बाइक, मोबाइल फोन और 2200 रुपये नकद छीन लिए थे। आरोप है कि मोबाइल से फोन-पे के जरिए 9700 रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर किए गए और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पुलिस के अनुसार, इसी दौरान आरोपियों ने दीपक नाम के एक अन्य व्यक्ति के साथ भी मारपीट कर उसकी अपाचे बाइक और 2800 रुपये नकद लूट लिए थे। हालांकि, अपाचे बाइक को आरोपी मौके के पास ही छोड़कर फरार हो गए थे।
जांच के दौरान पुलिस ने फिरोज अली, अमजद खान और हरियाणा निवासी मुबारिक को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से प्लेटिना बाइक, 1510 रुपये नकद और धर्मेंद्र का आईकार्ड बरामद हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में महताब, सावन और फरियाद के भी वारदात में शामिल होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी करते हुए फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
रिपोर्टर: मोहम्मद रहमान









