बिजनौर में चोरी की वारदातों का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बिजनौर। थाना कोतवाली शहर पुलिस ने चोरी और पुलिस टीम पर हमले से जुड़े मामलों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, दो बैटरे और पुलिस टीम पर हमले में इस्तेमाल किया गया अवैध चाकू बरामद किया गया है। पूछताछ में कई चोरी की वारदातों के संबंध में जानकारी सामने आने का पुलिस ने दावा किया है।

पुलिस के अनुसार, 28-29 अगस्त की रात बालाजी धाम कॉलोनी में एक बंद मकान का ताला तोड़कर मंगलसूत्र, दो अंगूठियां, चांदी की पायल, बिजली फिटिंग का सामान, नकदी और मोबाइल चोरी किया गया था। इसके अलावा ग्राम खारी में दुकान का ताला तोड़कर दो बैटरे, प्रिंटर और चार हजार रुपये चोरी किए गए थे।

वहीं, 6 सितंबर को ग्राम गंज में पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर, कांच की बोतलों और धारदार हथियार से हमला करने का मामला भी सामने आया था। पुलिस के मुताबिक, हमले में एक पुलिसकर्मी की गर्दन पर धारदार हथियार से वार किया गया था।

जांच के दौरान 21 सितंबर को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मुस्तफाबाद बायपास के पास से शावेज को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से सोने का मंगलसूत्र, दो अंगूठियां, एक जोड़ी पाजेब और अवैध चाकू बरामद हुआ। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने असलम को भी गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से चोरी के दो बैटरे बरामद हुए।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ और बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्टर: मोहम्मद रहमान

और पढ़ें

[the_ad id="164"]