नेपाल में 7 लाख भारतीय रुपये के साथ नौतनवा का युवक गिरफ्तार, हेलमेट में छिपाकर रखी थी नकदी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सोनौली/रुपंदेही। भारत से नेपाल प्रवेश कर रहे महराजगंज जिले के नौतनवा निवासी एक युवक को नेपाल की संयुक्त जांच टीम ने सात लाख रुपये भारतीय मुद्रा के साथ गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान युवक के पास से सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के दो ब्लैंक चेक भी बरामद हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात रुपंदेही जिले के सिद्धार्थनगर नगरपालिका-1 स्थित पिपलबोट संयुक्त जांच चौकी पर भारत से नेपाल की ओर जा रही मोटरसाइकिल संख्या UP 53 DJ 2671 को जांच टीम ने रोका। वाहन की जांच के बाद युवक की तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान युवक के हेलमेट के अंदर छिपाकर रखी गई सात लाख रुपये भारतीय मुद्रा बरामद हुई। नेपाली अधिकारियों के अनुसार, बरामद भारतीय मुद्रा की कीमत नेपाली मुद्रा में करीब 11 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तार युवक की पहचान महराजगंज जिले के नौतनवा निवासी 26 वर्षीय विशाल यादव के रूप में हुई है।

जांच टीम ने युवक के पास से सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के दो ब्लैंक चेक भी बरामद किए। पुलिस युवक से नकदी और चेक के संबंध में पूछताछ कर रही है। साथ ही रकम के स्रोत और उसे नेपाल ले जाने के उद्देश्य की भी जांच की जा रही है।

कार्रवाई सशस्त्र पुलिस बल नेपाल, सीमा सुरक्षा गुल्म डंडा और इलाका पुलिस कार्यालय बेलहिया की संयुक्त टीम ने की। गिरफ्तार युवक, मोटरसाइकिल और बरामद सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई एवं जांच के लिए सशस्त्र पुलिस बल नेपाल, सीमा सुरक्षा गुल्म मुख्यालय डंडा, रुपंदेही के सुपुर्द कर दिया गया है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]