एटा। छह माह की मासूम बच्ची को दवा दिलाने पति के साथ बाइक से एटा आ रही 21 वर्षीय महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा कोतवाली नगर क्षेत्र के अलीगंज रोड स्थित मंडी समिति के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार शिवानी अपने पति के साथ बाइक से एटा आ रही थीं। मंडी समिति के पास अचानक सामने आए वाहन को बचाने के प्रयास में बाइक का संतुलन बिगड़ गया। बाइक से सड़क पर गिरने के कारण शिवानी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

हादसे की सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां उपचार के दौरान शिवानी ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, छह माह की मासूम बच्ची के सिर से मां का साया उठ गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रिपोर्ट: करन प्रताप सिंह, एटा









