मथुरा। राधा रानी की जन्मस्थली रावल गांव में आज राधा अष्टमी का पर्व बड़े ही हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। राधा अष्टमी के पावन अवसर पर राधा रानी के मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। इस दौरान राधा रानी का पंचतत्व से अभिषेक किया गया, जिसे देखने और दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु रावल पहुंचे।
सुबह से ही रावल गांव में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने राधा रानी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र ‘राधे-राधे’ के जयकारों से गुंजायमान रहा।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए। व्यवस्थाएं सुचारु रहने के कारण श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। भक्तों ने शांतिपूर्ण माहौल में राधा रानी के दर्शन किए और जन्मोत्सव की खुशियां मनाईं।
राधा अष्टमी के अवसर पर पूरा रावल गांव भक्तिमय नजर आया। मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। भक्ति, आस्था और उल्लास के बीच राधा रानी का जन्मोत्सव श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ।
संवाददाता वेद प्रकाश सारस्वत









