महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र के मैनहवा टोला अमवा बुजुर्ग गांव में बंटवारे के विवाद को लेकर दो पट्टीदारों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना में दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामले में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि मैनहवा टोला बगहवा निवासी उमर अहमद और उनके पट्टीदारों के बीच काफी समय से बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। बीती रात करीब नौ बजे इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे।
मारपीट की घटना में अरसद और अमीना खातून घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर कोल्हुई पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी भेजा।
पुलिस के अनुसार मामले में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।









