महराजगंज। जनसमस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को तहसील निचलौल में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान राजस्व कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राजस्व लेखपालों को सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने उत्कृष्ट एवं सराहनीय योगदान देने वाले लेखपालों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
सम्मान समारोह के दौरान बताया गया कि राजस्व कार्य वर्ष 2026 के अंतर्गत आवंटित क्षेत्रों में लेखपालों द्वारा अंश निर्धारण, फार्मर रजिस्ट्री, अविवादित वरासत तथा राजस्व से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया गया। साथ ही कार्यों को त्रुटिहीन एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न करने वाले लेखपालों के प्रयासों की सराहना की गई।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सम्मानित लेखपालों को प्रशस्ति पत्र देकर उनके कार्यों की प्रशंसा की और भविष्य में भी इसी प्रकार जिम्मेदारी एवं तत्परता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने कहा कि राजस्व विभाग से जुड़े कार्य सीधे आमजन से संबंधित होते हैं, इसलिए इनके निस्तारण में समयबद्धता, पारदर्शिता और शुद्धता बेहद महत्वपूर्ण है।
इस सम्मान से राजस्व कर्मियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।









